स्थान: श्री अग्रसेन कन्या पी.जी. कॉलेज, वाराणसी
तिथि: 03 फ़रवरी 2026
श्री अग्रसेन कन्या पी.जी. कॉलेज, वाराणसी में दिनांक 03 फ़रवरी 2026 को “डिजिटल ग्रोथ वर्ल्ड” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को डिजिटल युग की बदलती तकनीकों, डिजिटल मार्केटिंग एवं ऑनलाइन व्यवसाय की संभावनाओं से अवगत कराना था।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता विकास गौरव, प्रशिक्षक (डिजिटल मार्केटिंग ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट, वाराणसी) रहे। उन्होंने छात्राओं को डिजिटल मार्केटिंग, इंटरनेट मीडिया, तकनीकी ट्रेंड्स, बिज़नेस अकाउंट कार्यप्रणाली तथा डेटा एनालिटिक्स जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि 21वीं शताब्दी डिजिटल क्रांति की शताब्दी है, जिसने पारंपरिक कार्यशैली और व्यवसायिक मॉडल को एक डिजिटल ग्रोथ वर्ल्ड में परिवर्तित कर दिया है।
वक्ता ने यह भी बताया कि डिजिटल ग्रोथ का सबसे बड़ा प्रभाव आर्थिक विकास पर पड़ता है। ई-कॉमर्स, ऑनलाइन बैंकिंग एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आज व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने छात्राओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर अशोक अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, प्रो. बी.एन. सिंह, प्रो. मीनाक्षी शुक्ला सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं ज्ञानवर्धक वातावरण में संपन्न हुआ।