स्थान: श्री अग्रसेन कन्या पी.जी. कॉलेज, वाराणसी
परिसर: बुलानाला एवं परमानंदपुर
तिथि: 26 जनवरी
श्री अग्रसेन कन्या पी.जी. कॉलेज, वाराणसी के बुलानाला एवं परमानंदपुर परिसरों में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर परमानंदपुर परिसर में प्रातः 8:00 बजे तथा बुलानाला परिसर में प्रातः 10:00 बजे ध्वजारोहण किया गया, जिसके उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि 26 जनवरी भारतीय इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है, जब देश को संविधान के माध्यम से समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्राप्त हुआ। उन्होंने सभी से संविधान, लोकतंत्र एवं देश की एकता-अखंडता की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने उच्च शिक्षा निदेशक, प्रयागराज के संदेश का वाचन भी किया।
कॉलेज की प्रबंधक डॉ. मधु अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि 26 जनवरी भारत के गौरव और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। यह केवल एक तिथि नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय पर्व है, जिसे पूरे उत्साह और निष्ठा के साथ मनाया जाना चाहिए।
सहायक मंत्री डॉ. रश्मि साह ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 1930 में इसी दिन पूर्ण स्वराज की घोषणा की गई थी। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपने कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक पालन करते हुए राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने सभी उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर अशोक अग्रवाल, पंकज अग्रवाल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के साथ हुआ।